हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज रवि चौहान हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जमीनी विवाद के चलते रची गई इस साजिश में दो सुपारी किलरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हत्या की सुपारी देने वाले आरोपी अभी फरार हैं। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
17 अप्रैल को ज्वालापुर निवासी एक महिला ने अपने पति रवि चौहान (45 वर्ष) के अचानक लापता होने की शिकायत कोतवाली ज्वालापुर में दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उनके पति बिना बताए घर से चले गए हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।लगातार तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो 19 अप्रैल को रानीपुर झाल से रवि चौहान का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति संदिग्ध थी, जिससे पुलिस को हत्या की आशंका हुई और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया।जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले, जिसमें देखा गया कि दो युवक मोटरसाइकिल पर रवि चौहान को अपने बीच बैठाकर हरीलोक तिराहे से रानीपुर झाल की ओर ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्धों की पहचान शुरू की।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ज्वालापुर निवासी हिस्ट्रीशीटर नदीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नदीम ने अपने साथी दानिश अली के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल कर ली। दोनों ने बताया कि उन्हें सीतापुर निवासी मामा- भांजा ने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी।आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले रवि चौहान को शराब पिलाई और फिर मारपीट कर उसका गला घोंट दिया। इसके बाद शव को नहर पटरी पर फेंक दिया गया ताकि मामला हादसा लगे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक को उसके भाई ने कुछ जमीन उपहार में दी थी। इसी बात से नाराज भाई का दामाद लंबे समय से विवाद कर रहा था। मृतक ने विवाद सुलझाने के लिए एक प्लॉट भी दामाद के नाम किया, लेकिन लालच के चलते उसने अपने भतीजे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (हीरो स्प्लेंडर) और सुपारी की रकम में से ₹61,000 बरामद किए हैं। गुमशुदगी के मामले को हत्या में तरमीम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है .हत्या की सुपारी देने वाले मामा- भांजे फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नदीम (27 वर्ष), निवासी कस्साबान, ज्वालापुर
दानिश अली (23 वर्ष), निवासी कस्साबान, ज्वालापुर

More Stories
पुलिस ने गोकशी मामले में आरोपी गैंगलीडर और उसके साथियों को पकड़ा
जमालपुर क्षेत्र में अनाधिकृत प्लाटिंग पर प्रशासन का बुलडोजर चला
हरिद्वार पुलिस ने पांच मोटरसाइकिल बरामद करते हुए 2 संदिग्धों को पकड़ा