आईबी चीफ को गोली मारने वाले ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

आईबी के एसपी चन्द्रप्रकाश (सीपी) नौटियाल पर आरोपित चालक ने लगातार टोका-टाकी से नाराज होकर गोली चलाई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपित चालक विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि आरोपित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था।पिछले चार-पांच महीनों से एसपी की टोका-टाकी को लेकर वह नाराज चल रहा था। बताया कि वारदात के बाद आरोपित ने घटनास्थल पर पोछा लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन पुलिस ने उसे मौके से ही दबोच लिया। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई थी। उन्हें पहले रामकृष्ण मिशन अस्पताल कनखल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर किया गया।

About Author