पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद फ़रोख्त गिरोह का पर्दाफाश किया

अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहादराबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है।मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपित मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त के लिए आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बौंगला तिराहे के आसपास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो अन्य मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने दबिश देकर दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल मौके से भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो वह गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा गोली चलाई। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल मुकुल को पुलिस ने हिरासत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया।पुलिस ने आरोपितों की तलाशी में मुकुल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन तथा भूपेंद्र के पास से .315 बोर का तमंचा बरामद किया। वहीं, विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 16 नवंबर की रात ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल पांच अवैध पिस्टल, एक तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मुकुल पाल (25) निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेंद्र (20) निवासी मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार (26) निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार (23) निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर शामिल हैं।

About Author