आग से झुलसने की घटनाओं की आशंकाओं देखते हुए मेला अस्पताल में बर्न यूनिट तैयार किया जाएगा

दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला और मेला अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं।मेला अस्पताल में झुलसे हुए मरीजों के उपचार के लिए छह बेड का बर्न यूनिट तैयार किया जा रहा है। वहीं, दोनों अस्पतालों में दीपावली की रात इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट रखा जाएगा।

मेला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शशिकांत ने बताया कि दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान कई बार लोग आग की चपेट में आकर झुलस जाते हैं। ऐसी घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में छह बेड का बर्न यूनिट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी चिकित्सकों को आकस्मिक परिस्थितियों के लिए हर समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अवकाश के दौरान भी चिकित्सकों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने को कहा गया है। वहीं, जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि दीपावली की रात इमरजेंसी में चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती रहेगी।

About Author