गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया

गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर विश्वविद्यालय सभागार में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि स्वराज फाउंडेशन, रुड़की के सहयोग से रक्तदान शिविर का संचालन किया गया।

शिविर का शुभारंभ समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परमात्मा ने मानव जीवन को सर्वोत्तम एवं उपयोगी बनाया है और शरीर की सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए प्राकृतिक रूप से अनेक व्यवस्थाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि शरीर में रक्त अमूल्य निधि है, जो विभिन्न शारीरिक प्रक्रियाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कुलपति ने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि युवावस्था रक्तदान के लिए सबसे उपयुक्त अवस्था है। उन्होंने कहा कि रक्त निर्माण शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया है और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने छात्रों एवं युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

About Author