गोकशी पर लगाम लगाने के लिए आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा

जनपद में गोकशी की घटनाओं पर सख्ती से लगाम कसने के लिए पुलिस ने पेशेवर गो तस्करों और गोकशी करने वालों की कमर तोड़ने की तैयारी कर ली है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले की 11 कोतवाली की पुलिस ने 57 गैंग के ऐसे 162 आरोपितों को चिह्नित किया है, जो गोकशी में सक्रिय हैं।इन सभी के खिलाफ गैंग्सटर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। जबकि 67 आरोपितों के विरुद्ध गुंडा एक्ट में शिकंजा कसते हुए उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। इसके अलावा कुछ आरोपितों को जिला बदर करते हुए जनपद से बाहर का रास्ता भी दिखाया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि गोवंश संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का बार-बार उल्लंघन करने वाले आरोपितों के खिलाफ मुख्यमंत्री के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है।गोवंश संरक्षण स्क्वायड से जनपद में गोवंश तस्करी, गोकशी व पशु क्रूरता से जुड़े व्यक्तियों का पूरा डाटा तलब किया गया है। जिसके बाद जनपद की 11 थाना-कोतवाली में 57 गैंग के 162 आरोपितों को चिह्नित किया गया है।जिनके विरुद्ध गैंग्सटर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा 67 आरोपितों के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

About Author