हरिद्वार में वीकेंड से पहले यातायात व्यवस्था चरमराई

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ अब हरिद्वार की यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ने लगी है। शुक्रवार सुबह हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर हालात बेहद चिंताजनक नजर आए।रोड़ी बेलवाला चौकी के पास बने फुट ओवर ब्रिज से लेकर केबल पुल तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हाईवे पर गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलती दिखीं और यात्रियों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। स्थिति इतनी विकट हो गई कि जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। सायरन बजने के बावजूद एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका। हालांकि वाहन चालक लगातार साइड देने की कोशिश करते रहे, लेकिन वाहनों की अत्यधिक भीड़ के चलते एंबुलेंस चालक चाहकर भी वाहन को गति नहीं दे पाया। यातायात को नियंत्रित करने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस लगातार मोर्चा संभाले रही, लेकिन श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी भीड़ के आगे व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं।

About Author