स्वास्थ्य मंत्री ने जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सोमवार हरिद्वार दौरे के दौरान अचानक चैनराय जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में हरिद्वार पहुंचे थे। इसी दौरान वह बिना पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं।इस पर मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य के सभी सरकारी और गैरसरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मरीजों के लिए सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

About Author