चारधाम यात्रा के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंट में निरंतर छापेमारी की जाए, ताकि तीर्थ यात्रियों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के अनुसार, इन निर्देशों के अनुपालन में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना सिडकुल से प्राप्त सूचना पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर मिठाई सप्लाई कर रहे बोलेरो वाहन पर छापेमारी की गई।करीब तीन घंटे चली जांच के दौरान टीम ने वाहन में रखे मिठाई के कार्टन, बक्सों और टीनों की गहन जांच की। इस दौरान लगभग 50 किलो खराब मिठाई बरामद हुई, जिसमें 35 किलो बूंदी लड्डू, 5 किलो मिल्क केक व 16 किलो सफेद रसगुल्ला शामिल थे। सभी मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए और खराब पाई गई मिठाइयों को मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया गया।
पूछताछ में विक्रेता ने बताया कि वह सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में मिठाइयों का विक्रय करता है। मौके पर ही उसे साफ-सफाई बनाए रखने, तापमान नियंत्रित वाहन में मिठाई परिवहन करने और उचित भंडारण के निर्देश दिए गए। साथ ही उसे नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
कृषि उत्पादन मंडी समिति यूनियन ने बिना लाइसेंस के कारोबार करने वाले आरोपियों को चिन्हित किया
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग में नगर निगम क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में रक्तदान शिवर का आयोजन हुआ