हाईवे पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में युवक की मौत हुई

हाईवे पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसा ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरिलोक तिराहे के पास बीती देर रात हुआ।मृतक की पहचान 30 वर्षीय शुभम कश्यप, निवासी मिस्सरपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभम देर रात बाइक से हरिलोक तिराहे से अपने घर मिस्सरपुर लौट रहा था।इसी दौरान हाईवे पर अचानक एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में शुभम का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि शुभम रेलिंग से टकराकर उल्टा लटक गया और बाइक भी आगे जाकर गिर गई।घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शुभम को सड़क किनारे लिटाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे हायर सेकेंडरी रेफर किया गया लेकिन इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

About Author