महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को कांवड़ पटरी मार्ग, चिड़ियापुर, चंडीघाट और हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्थित स्थायी व अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों तथा कोल्ड ड्रिंक स्टोरेज पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान कुल 28 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें अनियमितताएं मिलने पर सात खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। छापेमारी के दौरान एक्सपायरी तिथि पार कर चुकी स्लाइस, फैंटा, लिम्का और कोक की कुल 118 बोतलें नष्ट कराई गईं। इसके अलावा स्लाइस, केसर बादाम मिल्क शेक और एनर्जी ड्रिंक के तीन सैंपल जांच के लिए लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं।पूछताछ में सामने आया कि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक ऊंचापुल ज्वालापुर क्षेत्र स्थित कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर निर्मल इंटरप्राइजेज से सप्लाई की गई थीं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर पर छापेमारी की। जहां खाद्य पदार्थ जमीन पर रखे मिले और आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। स्टोरेज संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि विभाग ने डिस्ट्रीब्यूटर को हरिद्वार क्षेत्र से एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक तुरंत बाजार से हटाने के आदेश दिए हैं। स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट और एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories
हाईवे पर जंगली हाथी आने से कांवड़ियों में अफरा तफरी मची
परिवहन विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया
मेलाधिकारी ने कुंभ मेले की तैयारी का जायजा लिया