जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक ली

जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की।बैठक में संबंधित अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 42 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं, जिनके माध्यम से एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को ओटीपी प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इससे ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ रही है। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग और आपूर्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। नामित नोडल अधिकारी समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

About Author