गृहमंत्री के दौरे से पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया

हरिद्वार में शनिवार (7 मार्च) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. उनके दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बैरागी कैंप पहुंचे.यहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और प्रदर्शनी स्थल का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए.

गृहमंत्री अमित शाह एक दिवसीय दौरे में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही राज्य सरकार की विकास योजनाओं और नई न्याय संहिता से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे. स्थानीय अधिकारी भी बीते कई दिनों से डटे हुए हैं. वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी को दिक्कत न हो इसका भी ध्यान रखा जा रहा है.निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो. साथ ही उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं को भी बेहतर रखने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हरिद्वार आगमन उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है. राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें.’

About Author