सचिव, आवास आर राजेश कुमार ने हरिद्वार शहर में प्रस्तावित 21 किलोमीटर मेट्रो पॉड टैक्सी परियोजना का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना के संबंध में जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान प्रबन्ध निदेशक उत्तराखण्ड मैट्रो रेल कॉरपोरेशन बृजेश कुमार मिश्रा ने सचिव आवास को बताया है कि परियोजना की कुल लंबाई 20.74 किमी है, जिसमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना को दिनांक 15 फरवरी 2023 को उत्तराखण्ड सरकार द्वारा अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है। परियोजना के लिए कुल 4.8743 हे. भूमि प्रस्तावित है, जिसमें 0.8949 हे. निजी भूमि तथा 0.038 हे. रेलवे भूमि सम्मिलित है।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन से हरिद्वार शहर में यातायात जाम की समस्या का समाधान होगा। यह ऑन-डिमांड, चालक-रहित एवं पूर्णतः स्वचालित प्रणाली होगी, जो इलेक्ट्रिक संचालन आधारित होने से पर्यावरण के अनुकूल है तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगी। इस प्रणाली में अपेक्षाकृत कम भूमि की आवश्यकता होती है तथा नियंत्रित गाइडवे पर संचालन होने से सुरक्षा स्तर उच्च रहेगा।
इस दौरान भारत माता मंदिर से प्रारम्भ होकर शान्तिकुंज, मोतीचूर, खड़खड़ी भीमगोड़ा होते हुए ललतारों ब्रिज तक किया गया। इस दौरान प्रस्तावित स्टेशन, पार्किंग स्थलों एवं आवश्यक भूमि के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। तत्पश्चात् वाल्मीकि चौक, मनसा देवी रोपवे गेट, अपर रोड से होते हुए हर की पौड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया तथा हर की पौड़ी स्टेशन पर विस्तृत समीक्षा के उपरांत दीन दयाल पार्किंग स्थल पर प्रस्तावित इंटीग्रेटेड रोपवे (माँ चण्डी देवी एवं मनसा देवी मंदिर) के लोअर टर्मिनल का सर्वेक्षण किया गया तथा संरेखण के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। इसके उपरांत हर की पौड़ी से ललतारों ब्रिज, वाल्मीकि चौक होते हुए ऋषिकुल एवं सीतापुर क्षेत्र तक प्रस्तावित स्टेशन एवं पार्किंग, डिपो हेतु चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान सचिव आवास आर राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश है कि हरिद्वार शहर में प्रस्तावित पॉड टैक्सी के प्रोजेक्ट को जल्दी शुरू किया जाए। परियोजना में प्रयोज्य राजकीय भूमि के हस्तांतरण, अधिग्रहण की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, जिससे परियोजना का कार्य समयबद्ध रूप से प्रारम्भ किया जा सके।

More Stories
सिडकुल क्षेत्र में करंट लगने से युवक की मौत हुई
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया
मेलाधिकारी की अध्यक्षता में कुंभ क्षेत्र के आश्रम संचालकों के साथ अहम बैठक हुई