चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी

चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर गुरुवार को हरिद्वार के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और घरों में कन्यापूजन कर सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।ग्रह-नक्षत्रों के अनुसार इस वर्ष अष्टमी और नवमी का पूजन एक ही दिन पड़ने के कारण श्रद्धालुओं ने विशेष उत्साह के साथ दोनों पर्व भी मनाए। इसके साथ ही श्री राम नवमीं का पर्व भी मनाया गया। कुछ लोग शुक्रवार को भी नवमी तिथि व श्री राम नवमीं का पर्व मनाएंगे।

नवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर, माया देवी मंदिर, शीतला माता मंदिर, काली मंदिर, सुरेश्वरी देवी मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। विशेष रूप से हरिद्वार की अधिष्ठात्री देवी मानी जाने वाली मां माया देवी के मंदिर को नवरात्रि के अवसर पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां सुबह से ही माता के जयकारों के साथ श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना की।वहीं दूसरी ओर, श्रद्धालुओं ने अपने घरों में कन्यापूजन कर मां दुर्गा की आराधना की। सुबह से ही लोगों ने छोटी कन्याओं को घर आमंत्रित कर उनके चरण धोए, माथे पर रोली-चंदन का तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर विधि-विधान से पूजा की। इसके बाद कन्याओं को हलवा-पूरी, काले चने और मिठाई का प्रसाद खिलाया गया तथा उन्हें उपहार भेंट किए गए।

About Author