हरिद्वार मे पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा की गयी गोलीबारी के विरोध में हरिद्वार के लक्सर में आयोजित महापंचायत में शिरकत करने जा रहे खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को शुक्रवार को रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया।वहीं शक्ति प्रदर्शन की कोशिश में पथराव पर उतरे उनके समर्थकों को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी।
पुलिस के अनुसार चैंपियन के साथ जारी तनातनी के बीच कुमार ने तीन दिन पहले शुक्रवार को लक्सर में महापंचायत का ऐलान किया था लेकिन बाद में उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करके उसे स्थगित करने की घोषणा की थी। पुलिस के अनुसार इसके बावजूद सुबह से ही लक्सर में दूसरे प्रदेशों से उनके समर्थकों का आना शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार भीड़ के जुटने की आशंका में पहले ही तमाम तिराहों और चौराहों पर बैरीकेडिंग लगाकर लोगों को रोकने का प्रयास किया गया था लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग संपर्क मार्गों व दूसरे रास्तों से लक्सर के एक इंटर कालेज के मैदान में इकट्ठा हो गए।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस को जैसे ही लोगों के कॉलेज के मैदान में इकट्ठा होने की जानकारी मिली तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान लोगों की पुलिस से नोंकझोंक हुई और फिर उन्होंने पुलिस पर ईंट और मोटे पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हालात ख़राब होते देख भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि महापंचायत को स्थगित किये जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन ऐहतियात बरत रहा था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए थे। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद लक्सर में भीड़ पहुंच गयी और उसने पुलिस पर पथराव भी किया जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

More Stories
शंकराचार्य के समर्थन में कांग्रेस पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस ने पदयात्रा निकाली
नितिन नवीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने पर जिला कार्यालय में उत्सव का माहौल रहा
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया