भारत के चंद्रयान-3 ने चांद पर रचा इतिहास

भारत के लिए 23 अगस्त काफी ऐतिहासिक है। चंद्रयान-3 ने इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 ने सफलतापूर्वक चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग की है। इस मौके पर देशभर में उत्साह नजर आ रहा है और लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं।

पीएम मोदी ने भी चंद्रयान की सुरक्षित लैंडिंग पर खुशी जताई और कहा कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश है। अब बच्चे कहेंगे कि चंदा मामा बस एक टूर के हैं। पीएम मोदी ने ये भी कहा, ‘ये क्षण अभूतपूर्व हैं। इंडिया इज नाउ ऑन द मून।’

इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी है। वहीं चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो ने ट्वीट कर देश को बधाई दी। इसरो ने लिखा, ‘चंद्रयान-3 मिशन: इंडिया, मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया और तुम भी! चंद्रयान-3 ने चांद पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। भारत को बधाई!’

भारत चंद्रमा पर अपने चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश है लेकिन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला दुनिया का पहला देश है। अमेरिका, रूस और चीन भी चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कर चुके हैं लेकिन किसी ने भी चांद के दक्षिणी भाग पर लैंडिंग नहीं की थी। क्योंकि चांद के अन्य हिस्सों के मुकाबले दक्षिणी भाग पर लैंडिंग करना सबसे ज्यादा कठिन है।

About Author