रुड़की: सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में सोलानी पार्क के पास एक युवक और युवती ने आपस में अपने हाथों को रस्सी से बांधकर गंगनहर में छलांग लगा दी. मामले की सूचना जल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सकुशल नहर से बाहर निकाला. इसके बाद दोनों को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया है. फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर एक युवक और युवती सोलानी नदी के पुल पर पहुंचे. चश्मदीदों ने बताया कि पहले युवक और युवती ने अपने हाथों को रस्सी से बांधा और उसके बाद अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी जल पुलिस चौकी को दी. सूचना मिलते ही जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और दो युवकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक-युवती को सकुशल बाहर निकाला.जल पुलिस के जवानों ने बताया कि जिस समय दोनों को नहर से बाहर निकाला, उस समय भी दोनों के हाथ रस्सी से बंधे हुए थे. इसके बाद दोनों को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद घटना की सूचना रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दी गई. उधर डॉक्टरों का कहना है कि दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है. स्थानीय लोगों ने युवती की पहचान गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी के रूप में की है. जबकि युवक अन्य प्रदेश का बताया जा रहा है.

More Stories
नाबालिक पुत्री से दुष्कर्म मामले में पिता को 20 वर्ष कठोर कारावास की सजा हुई
पुलिस ने बहादराबाद क्षेत्र से 21 किलो गांजे के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया
महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालियों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी