आबकारी टीम ने हरिद्वार क्षेत्र से अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी

जिले की आबकारी टीम ने हरकी पैड़ी गंगा घाट से कुछ दूरी पर स्थित चमगादड़ टापू पार्किंग क्षेत्र में रविवार को अवैध शराब की खेप पकड़ी है। आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि जब्त शराब की कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है।उन्होंने बताया कि अवैध शराब के वाहन के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। हरिद्वार एवं जनपदीय आबकारी टीम ने सहायक आबकारी आयुक्त प्रमोद मैठाणी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। आबकारी विभाग की टीम ने एक संदिग्ध वाहन संख्या की तलाशी ली। उसमें 45 पेटी बरामद मिली। टीम ने मौके पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़ी गई शराब को हरियाणा से अवैध रूप से उत्तराखंड लाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय पुत्र जगवीर सिंह निवासी ग्राम सेहरी थाना खरखोदा जिला सोनीपत हरियाणा तथा गृतिका पुत्री अमरजीत निवासी 59-60 बी ब्लॉक प्रहलादपुर दिल्ली के रूप में की गई है। सहायक आबकारी आयुक्त प्रमोद मैठाणी ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आबकारी अधिकारी दर्शन सिंह चौहान ने बताया मामले में केस दर्ज किया गया है।

About Author