खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई निर्माण इकाई और दुकानों का निरीक्षण किया

दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपलिंग तेज कर दी है। उपायुक्त लैब बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडेय की टीम ने सुल्तानपुर और लक्सर की मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का निरीक्षण किया।मौके पर जांच के लिए मिठाइयों के सात नमूने लिए गए।लक्सर के आजाद स्वीट्स और खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्षों में गंदगी तथा खुली मिठाइयों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि नहीं लिखे होने पर नोटिस जारी किए गए। लक्ष्मी स्वीट्स को भी आवश्यक तिथियां अंकित नहीं होने पर नोटिस दिया गया।सुल्तानपुर की इकाई को डिब्बों और ट्रे पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम पता और फूड लाइसेंस नंबर लिखने के बाद ही सप्लाई और बिक्री करने के निर्देश दिए गए।

मोबाइल प्रयोगशाला ने मिठाइयों, मसालों, तेल, दूध और दुग्ध उत्पादों समेत 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की। इनमें 13 के नमूने मानकों के अनुरूप नहीं मिले और संबंधित खाद्य पदार्थ हटवाए गए। खाटू श्याम स्वीट्स से करीब 05 किलोग्राम खराब मिठाई भी हटवायी गयी।

About Author