आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और वार्षिक रखरखाव को देखते हुए ऊपरी गंग नहर का संचालन 20 अक्टूबर को मध्यरात्रि से बंद कर दिया जाएगा। सिंचाई विभाग के अनुसार यह नहरबंदी 8 नवंबर की मध्यरात्रि तक जारी रहेगी।इस दौरान नहर की मरम्मत, सफाई और घाटों के निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा।उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग हर साल दिवाली और दशहरे के आसपास गंग नहर की वार्षिक बंदी करता है। इस बार कुंभ मेले को देखते हुए यह बंदी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण शर्मा ने बताया कि स्नान पर्वों और कांवड़ मेले के दौरान भारी मात्रा में कचरा, लकड़ियां, पूजन सामग्री और कांवड़ सामग्री नहर में जमा हो जाती है। पानी का प्रवाह रुकने के बाद पूरी नहर से मलबे और गाद की सफाई की जाएगी। इसके साथ ही नहर की दीवारों, पुलों और रेगुलेटरों की मरम्मत भी की जाएगी।
कुंभ मेले के लिए हरिद्वार में गंगा घाटों के विस्तार, नए पुलों और सुरक्षा से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। पानी के तेज बहाव में नहर के भीतर निर्माण कार्य संभव नहीं होता। ऐसे में 19 दिन की यह नहरबंदी विभिन्न विभागों के लिए निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने का मौका है। प्रशासन का लक्ष्य तय समय में घाटों के सुदृढ़ीकरण का काम निपटाना है।

More Stories
मुख्यमंत्री स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत महिलाओं को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा
पुलिस ने पैदल गशत कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया
पिथौरागढ़ जिला कारागार में 21 दिवसीय उद्यमिता विकास एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ