झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हुआ

सोमवार दोपहर ढाई बजे शुरू हुई बारिश शाम साढ़े चार बजे तक जारी रही। करीब दो घंटे की झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। भगत सिंह चौक पर पानी भरने से लंबा जाम लग गया और कई वाहन पानी में फंसकर खराब हो गए।सोमवार को 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। ज्वालापुर के कटहरा बाजार, पीठ बाजार और चौक बाजार में सड़कें जलमग्न होने से व्यापारी और ग्राहक परेशान रहे। घास मंडी, पुरानी सब्जी मंडी, पांवधोई, सुभाष नगर और ब्रह्मपुरी में भी लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई। भगत सिंह चौक से पुराने रानीपुर मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ज्वालापुर रेलवे अंडरपास में पानी भरने से यातायात बाधित रहा और आर्यनगर चौक जाने वाले लोगों को करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। उत्तरी हरिद्वार और कनखल के कई हिस्सों में भी जलभराव रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पिछले चार दशक में भी इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश होते ही जलभराव की समस्या फिर सामने आ जाती है ।

 

About Author